नितेश तिवारी की बहुचर्चित फिल्म ‘रामायणम्’ की पहली झलक हाल ही में सामने आई है और इसके साथ ही विवादों की शुरुआत भी हो गई है। करीब 800 करोड़ रुपये के विशाल बजट में बन रही यह फिल्म अब तक की सबसे महंगी बॉलीवुड फिल्म मानी जा रही है।
पहली झलक में रणबीर कपूर को भगवान राम, साई पल्लवी को देवी सीता, यश को रावण और रवि दुबे को लक्ष्मण के रूप में दिखाया गया है। हालांकि, फिल्म की भव्यता और स्टारकास्ट के बावजूद यह प्रोजेक्ट अब सोशल मीडिया ट्रोल्स की ज़द में आ गया है।
वाल्मीकि को नहीं दिया गया क्रेडिट, भड़के लोग
फिल्म के इंट्रोडक्शन वीडियो में कहानी का श्रेय फिल्म लेखक श्रीधर राघवन को दिया गया है, जिसने नेटिज़न्स को खासा नाराज़ कर दिया है।
लोगों का कहना है कि जिस पौराणिक ग्रंथ रामायण की रचना महर्षि वाल्मीकि ने की, उसमें उनके नाम का कोई जिक्र न होना अनुचित है। सोशल मीडिया पर मीम्स और तीखी प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई है।
एक यूजर ने लिखा, “भाई, वाल्मीकि का क्या?” तो किसी ने कहा, “वाल्मीकि ने कहानी लिखी, बाकी ने स्क्रीनप्ले।” एक अन्य यूजर ने हॉलीवुड का उदाहरण देते हुए कहा कि ‘ट्रॉय’ फिल्म में भी लेखक होमर को क्रेडिट दिया गया था, तो यहां क्यों नहीं?
क्या इसलिए नहीं जोड़ा गया वाल्मीकि का नाम?
कुछ लोगों का मानना है कि फिल्म में मनोरंजन और नाटकीयता के लिए मूल कथानक से इतर प्लॉट जोड़े जाएंगे। इसलिए, मेकर्स ने संभवतः कहानी का श्रेय आधुनिक लेखक को देना उचित समझा। हालांकि, यह तर्क भी लोगों के गले नहीं उतर रहा।
‘आदिपुरुष’ की यादें ताज़ा, फिर लेखक पर शक
2023 में आई ‘आदिपुरुष’ ने भी रामायण के पुनर्पाठ की कोशिश की थी, लेकिन उसे सबसे अधिक आलोचना डायलॉग्स और कहानी को लेकर झेलनी पड़ी। डायलॉग लेखक मनोज मुंतशिर खासे ट्रोल हुए थे।
अब कुछ लोग श्रीधर राघवन को लेकर भी वही चिंता जाहिर कर रहे हैं। एक यूजर ने लिखा, “अगर कोई ये फिल्म बिगाड़ सकता है तो वो है इसका राइटर।”
श्रीधर राघवन: एक्शन फिल्मों से पौराणिक कथा तक
श्रीधर राघवन इससे पहले ‘खाकी’, ‘वॉर’, ‘पठान’ और ‘टाइगर 3’ जैसी हाई-ऑक्टेन फिल्मों का स्क्रीनप्ले लिख चुके हैं। उनका ट्रैक रिकॉर्ड व्यावसायिक मसाला फिल्मों से जुड़ा रहा है, जिसमें एक्शन और ड्रामा भरपूर होता है।
अब देखना दिलचस्प होगा कि क्या वे एक पौराणिक और सांस्कृतिक रूप से संवेदनशील ग्रंथ को उसी गरिमा के साथ परदे पर उतार पाएंगे या नहीं।
यह भी पढ़ें:
थायराइड के लक्षण आपकी त्वचा भी देती है संकेत, इन्हें नजरअंदाज न करें
Business Sandesh Indian Newspaper | Articles | Opinion Pieces | Research Studies | Findings & News | Sandesh News