गर्मियों में यूटीआई से बचाव के 7 आसान उपाय

गर्मी का मौसम और चिलचिलाती धूप सभी को पसीने में डाल देती है, लेकिन साथ ही यह कई बीमारियों का कारण भी बन सकती है। इस मौसम में खुद को हाइड्रेट रखना बेहद जरूरी है, क्योंकि पानी की कमी से कई स्वास्थ्य समस्याएं हो सकती हैं। विशेषकर महिलाओं के लिए यह और भी महत्वपूर्ण है, क्योंकि गर्मियों में कम पानी पीने से यूरिनरी ट्रैक्ट इंफेक्शन (UTI) का खतरा बढ़ जाता है।

यूटीआई (UTI) क्या है और क्यों होता है?
यूरिनरी ट्रैक्ट इंफेक्शन (UTI) एक आम जीवाणु संक्रमण है, जो हर साल लाखों लोगों को प्रभावित करता है। हालांकि, पुरुषों के मुकाबले महिलाओं में इसका खतरा ज्यादा होता है। यूरिनरी ट्रैक्ट में किडनी, यूरेटर, यूरिनरी ब्लैडर और यूरेथ्रा शामिल होते हैं, और जब बैक्टीरिया यूरेथ्रा के जरिए यूरिनरी ट्रैक्ट में प्रवेश करते हैं, तो यह संक्रमण का कारण बनता है।

जब हम पर्याप्त पानी नहीं पीते, तो यूरिन का घनापन बढ़ जाता है, जिससे बैक्टीरिया पनपने की संभावना होती है और संक्रमण का खतरा बढ़ता है।

महिलाओं में यूटीआई के लक्षण
यूटीआई के लक्षण हल्के से लेकर गंभीर तक हो सकते हैं, और ये हर व्यक्ति में अलग-अलग हो सकते हैं। महिलाओं में यूटीआई के सामान्य लक्षण इस प्रकार हो सकते हैं:

पेशाब करते समय दर्द या जलन

पेशाब करने की लगातार इच्छा होना

पेशाब में तेज गंध आना

पेल्विक दर्द होना

बुखार या ठंड लगना

पीठ के निचले हिस्से में दर्द

थकान होना

मतली या उल्टी

पेशाब में खून आना (यह गंभीर संक्रमण का संकेत हो सकता है)

यूटीआई से बचाव के उपाय
8-9 गिलास पानी पीएं: यह आपके शरीर को हाइड्रेटेड रखता है और संक्रमण से बचाता है।

पेशाब को रोकें नहीं: लंबे समय तक पेशाब रोकने से बैक्टीरिया का पनपना आसान हो सकता है, इसलिए पेशाब करने की तुरंत आवश्यकता हो तो न रोकें।

साफ-सफाई का ध्यान रखें: बाथरूम का उपयोग करते समय, हमेशा आगे से पीछे की ओर पोंछे, इससे बैक्टीरिया यूरेथ्रा में नहीं जा पाते।

फिटिंग कपड़े न पहनें: टाइट-फिटिंग कपड़े नमी को रोक सकते हैं, जिससे बैक्टीरिया पनप सकते हैं। कॉटन के ढीले कपड़े पहनें।

इंटरकोर्स के बाद पेशाब करें: यौन क्रिया के बाद पेशाब करने से यूरिनरी ट्रैक्ट में बैक्टीरिया बाहर निकल सकते हैं।

प्रोबायोटिक्स का सेवन करें: यह यूरिनरी ट्रैक्ट में बैक्टीरिया का हेल्दी बैलेंस बनाए रखने में मदद कर सकते हैं।

लक्षण नजरअंदाज न करें: अगर यूटीआई के लक्षण दिखें, तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें और खुद से दवाइयां न लें।

यह भी पढ़ें:

सिर्फ सर्दियों में नहीं, गर्मियों में भी पिएं गर्म पानी – सेहत को मिलेगा जबरदस्त फायदा