चैंपियंस ट्रॉफी 2025 का आगाज 19 फरवरी से होने जा रहा है। भारत और पाकिस्तान को एक ही ग्रुप में रखा गया है और इन दोनों टीमों के बीच मुकाबला 23 फरवरी को होगा। पिछली बार जब चैंपियंस ट्रॉफी में ये दोनों टीमें आपस में भिड़ी थीं, तो पाकिस्तान ने भारत को हराकर खिताब जीता था। इस बार टीम इंडिया की नजरें पाकिस्तान से हिसाब चुकता करने पर होंगी, लेकिन बुमराह की गैरमौजूदगी में उनके लिए यह चुनौती और कठिन हो सकती है।
ऑस्ट्रेलिया दौरे पर जसप्रीत बुमराह चोटिल हो गए थे, जिसके कारण वह चैंपियंस ट्रॉफी के ग्रुप स्टेज से बाहर हो सकते हैं। वहीं पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज मोहम्मद आमिर का मानना है कि पाकिस्तान इस बार भारी पड़ेगा।
दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में ग्रुप मीडिया इंटरेक्शन के दौरान मोहम्मद आमिर ने कहा, “पाकिस्तान ने हाल ही में जिस तरह का प्रदर्शन किया है, ऑस्ट्रेलिया को ऑस्ट्रेलिया में हराया और फिर साउथ अफ्रीका को हराया, यह उनकी ताकत को दर्शाता है, खासकर विदेशी परिस्थितियों में। उनके हालिया प्रदर्शनों को देखते हुए, मुझे लगता है कि भारत के खिलाफ पाकिस्तान का पलड़ा भारी रहेगा। हालांकि, बड़े टूर्नामेंटों में भारत हमेशा से मेरा पसंदीदा रहा है, लेकिन भारतीय टीम दबाव में है और हालिया हार के कारण कड़ी आलोचना का सामना कर रही है।”
बुमराह को लेकर आमिर ने कहा, “अगर बुमराह नहीं होते हैं तो यह भारत के लिए बहुत बड़ा नुकसान होगा। वह भारत के शीर्ष गेंदबाज रहे हैं, जो आगे से टीम को लीड करते हैं। उनके बिना, भारतीय गेंदबाजी आक्रमण अपनी ताकत के 40-50 प्रतिशत तक कमजोर हो जाएगा।”
चैंपियंस ट्रॉफी में अपने अभियान का आगाज पाकिस्तान न्यूजीलैंड के खिलाफ पहला मुकाबला खेलकर करेगा। वहीं टीम इंडिया 20 फरवरी को अपना पहला मैच बांग्लादेश के खिलाफ खेलेगी। दोनों ही टीमों ने अपने-अपने स्क्वॉड का ऐलान अभी तक नहीं किया है। टूर्नामेंट का फाइनल 9 मार्च को होगा, लेकिन इसका वेन्यू अभी तय नहीं किया गया है।
यह भी पढ़ें:
इस फल के छिलके से आप भी अपने दाग धब्बे से छुटकारा पाकर पा सकते है बेदाग और चमकदार त्वचा
Business Sandesh Indian Newspaper | Articles | Opinion Pieces | Research Studies | Findings & News | Sandesh News