रोजमर्रा के इस्तेमाल का सामान (एफएमसीजी) बनाने वाली कंपनी नेस्ले इंडिया लिमिटेड का चालू वित्त वर्ष 2023-24 की अक्टूबर-दिसंबर तिमाही का शुद्ध लाभ 4.38 प्रतिशत बढ़कर 655.61 करोड़ रुपये रहा है। कंपनी ने पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में 628.06 करोड़ रुपये का मुनाफा कमाया था।
शेयर बाजारों को भेजी सूचना में कंपनी ने कहा कि समीक्षाधीन अवधि में उसकी शुद्ध आय 8.27 प्रतिशत बढ़कर 4,583.63 करोड़ रुपये हो गई। पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही यह 4,233.27 करोड़ रुपये थी। दिसंबर तिमाही में कंपनी का कुल खर्च 6.11 प्रतिशत बढ़कर 3,636.94 करोड़ रुपये रहा।
तिमाही के दौरान नेस्ले इंडिया की घरेलू बिक्री 8.86 प्रतिशत बढ़कर 4,421.79 करोड़ रुपये हो गई, जो पिछले वित्त वर्ष की अक्टूबर-दिसंबर तिमाही में 4,061.85 करोड़ रुपये थी।
नेस्ले इंडिया के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक सुरेश नारायणन ने कहा, ‘‘ई-कॉमर्स और ‘आउट-ऑफ-होम चैनल’ में मजबूत वृद्धि गति के साथ, मूल्य निर्धारण और मिश्रित वृद्धि से घरेलू बिक्री में 8.9 प्रतिशत की वृद्धि हुई।”
अभी तक नेस्ले इंडिया जनवरी-दिसंबर वित्त वर्ष का अनुपालन करती थी। हालांकि, अब वह एक अप्रैल से शुरू होने वाले वित्त वर्ष का अनुपालन करेगी।
नारायणन ने कहा,”वर्ष 2023 में हमारी कुल बिक्री 13.3 प्रतिशत से अधिक बढ़ी और हमने 19,000 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया।”
– एजेंसी
Business Sandesh Indian Newspaper | Articles | Opinion Pieces | Research Studies | Findings & News | Sandesh News