राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को मेघालय, मणिपुर और त्रिपुरा के लोगों को उनके राज्यों के 52वें स्थापना दिवस पर शुभकामनाएं दीं।
श्रीमती मुर्मू ने मेघालय, त्रिपुरा और मणिपुर के निवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा, “इन राज्यों को प्रकृति की अद्वितीय कृपा प्राप्त है और ये समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के वाहक भी हैं। वे प्रगति, समृद्धि और शांति के पथ पर आगे बढ़ रहे हैं।”
श्री मोदी ने एक्स पर अपने पोस्ट में कहा, “मेघालय के लोगों को राज्य दिवस की शुभकामनाएं! आज मेघालय की अतुल्य संस्कृति और वहां के लोगों की उपलब्धियों का जश्न मनाने का अवसर है। कामना करता हूं कि आने वाले समय में मेघालय प्रगति की नई ऊंचाइयों को छुए।”
एक अन्य ट्वीट में, प्रधानमंत्री ने मणिपुर के लोगों को शुभकामनाएं देते हुए कहा, “मणिपुर ने भारत की प्रगति में मजबूत योगदान दिया है। हमें राज्य की संस्कृति और परंपराओं पर गर्व है। मैं मणिपुर के निरंतर विकास के लिए प्रार्थना करता हूं।”
उन्होंने त्रिपुरा के लोगों को राज्य दिवस पर हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह राज्य के अद्वितीय इतिहास और समृद्ध विरासत का जश्न मनाने का दिन है। श्री मोदी ने कहा कि वह त्रिपुरा के लोगों की समृद्धि और सद्भाव की कामना करते हैं।
ज्ञातव्य है कि प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के कार्यकाल के दौरान, पूर्वोत्तर क्षेत्र (पुनर्गठन) अधिनियम, 1971 के तहत मेघालय, मणिपुर और त्रिपुरा पूर्ण राज्य बने थे।
– एजेंसी
Business Sandesh Indian Newspaper | Articles | Opinion Pieces | Research Studies | Findings & News | Sandesh News