जम्मू-कश्मीर के सीमावर्ती राजौरी जिले में सोमवार को हुए दो आतंकवादी हमलों के एक दिन बाद, राष्ट्रीय जांच एजेंसी के अधिकारियों ने मंगलवार को घटनास्थल का दौरा किया, इस बीच, जम्मू पुलिस ने हमले में शामिल आतंकवादियों के बारे में जानकारी देने वालों को इनाम देने की घोषणा की है।
राजौरी जिले के धंगरी गांव में गोलीबारी और आईईडी विस्फोट की घटना में नाबालिग भाई-बहन समेत छह लोगों की मौत हो गयी जबकि 15 अन्य घायल हो गये।
आधिकारिक सूत्रों ने मंगलवार को कहा कि एनआईए की टीम ने इस मामले की जांच के लिए सुबह घटनास्थल का दौरा किया।
इस बीच, जम्मू जोन के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक मुकेश सिंह ने सोशल मीडिया पर एक संदेश में कहा,“ राजौरी के धंगरी में हुए भीषण आतंकवादी हमले में शामिल आतंकवादियों के बारे में विशेष जानकारी साझा करने वालों को 10 लाख रुपये का इनाम दिया जाएगा और उनकी जानकारी गुप्त रखी जाएगी। ”
पुलिस ने मोबाइल फोन और टेलीफोन नंबर 9596520120, 7006699696, 01962-262515 भी आम जनता के साथ साझा किया है।
जम्मू-कश्मीर के उप-राज्यपाल मनोज सिन्हा ने सोमवार को राजौरी का दौरा किया और हमलों में मारे गए लोगों के परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने इन आतंकवादी घटनाओं को बर्बर करार दिया और आश्वासन दिया कि न्याय मिलेगा।
श्री सिन्हा ने कहा, “ न्याय मिलेगा और हम आश्वासन देते हैं कि प्रशासन और पुलिस मामले की जड़ तक पहुंचेंगे और मृतकों के परिजनों के लिए न्याय सुनिश्चित करेंगे। भारत सरकार आतंकवाद के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के लिए प्रतिबद्ध है, जबकि पूर्व सैनिकों और वीडीसी को और मजबूत किया जाएगा और सरकार सुरक्षा इंतजामाें को बढ़ाने की दिशा में काम करेगी। ”
Business Sandesh Indian Newspaper | Articles | Opinion Pieces | Research Studies | Findings & News | Sandesh News