बच्चे रोज खा रहे हैं शक्कर? सावधान! मीठा बन सकता है सेहत का दुश्मन

क्या आपके बच्चे को मीठा बहुत पसंद है? क्या वह हर रोज चॉकलेट, बिस्किट, टॉफी, मिठाई या मीठे ड्रिंक्स लेता है? अगर हां, तो यह आपके लिए एक गंभीर चेतावनी हो सकती है। विशेषज्ञों की मानें तो बच्चों में चीनी (शक्कर) का अत्यधिक सेवन न सिर्फ मोटापा बढ़ाता है, बल्कि यह उनके मानसिक और शारीरिक विकास पर भी गहरा असर डाल सकता है। आज की आधुनिक जीवनशैली और प्रोसेस्ड फूड की भरमार ने बच्चों के खानपान को मीठे जाल में जकड़ लिया है।

अमेरिकन हार्ट एसोसिएशन (AHA) की रिपोर्ट के अनुसार, 2 से 18 साल के बच्चों को प्रतिदिन 25 ग्राम से अधिक शक्कर नहीं लेनी चाहिए। लेकिन मौजूदा हालातों में यह मात्रा कई बच्चों के खानपान में दो से तीन गुना तक अधिक पाई जा रही है।

बच्चों के लिए क्यों खतरनाक है अधिक शक्कर?

मोटापा और डायबिटीज़ का खतरा
अत्यधिक शक्कर शरीर में फैट जमा करती है, जिससे बचपन में ही मोटापे की समस्या शुरू हो सकती है। लगातार मोटापा टाइप 2 डायबिटीज़ जैसी गंभीर बीमारियों का कारण बन सकता है।

दांतों की सड़न
शक्कर दांतों में बैक्टीरिया को बढ़ावा देती है, जिससे दांतों में कीड़ा और सड़न हो सकती है। यह समस्या बचपन से ही शुरू होकर जीवनभर परेशानी का कारण बन सकती है।

एकाग्रता में कमी और हाइपर एक्टिविटी
अधिक चीनी का सेवन बच्चों में अस्थिरता और चिड़चिड़ापन पैदा कर सकता है। कुछ रिसर्च यह भी बताती हैं कि शक्कर बच्चों की एकाग्रता और पढ़ाई में ध्यान केंद्रित करने की क्षमता को प्रभावित कर सकती है।

इम्यून सिस्टम पर असर
मीठा शरीर में सूजन बढ़ाने का काम करता है, जिससे बच्चों की रोग प्रतिरोधक क्षमता कमजोर हो सकती है। बार-बार बीमार पड़ना और संक्रमण होना इसकी बड़ी वजह हो सकती है।

लीवर पर दबाव
शक्कर, विशेष रूप से फ्रक्टोज़, लीवर पर अतिरिक्त बोझ डालता है। इससे ‘फैटी लीवर डिजीज’ जैसी समस्या विकसित हो सकती है, जो पहले केवल व्यस्कों में देखी जाती थी, लेकिन अब बच्चों में भी देखने को मिल रही है।

कैसे करें कंट्रोल?

बच्चों को घर का बना ताजा खाना दें और प्रोसेस्ड फूड जैसे बिस्किट, पैकेज्ड जूस, चॉकलेट से दूर रखें।

शक्कर की जगह गुड़, शहद या फल जैसे नेचुरल स्वीटनर का उपयोग करें।

बच्चों को शुगर कंटेंट पढ़ना सिखाएं और खाने की आदतों में हेल्दी विकल्प शामिल करें।

धीरे-धीरे मीठे का स्वाद कम करना सिखाएं, जिससे उनकी स्वादेंद्रियां नेचुरल फूड्स की ओर झुकें।

विशेषज्ञों की राय

पोषण विशेषज्ञों का मानना है कि बचपन में डाली गई खानपान की आदतें जीवनभर साथ चलती हैं। यदि बच्चे की डाइट में कम उम्र से ही अधिक शक्कर शामिल होती है, तो भविष्य में उसे कई गंभीर बीमारियों का सामना करना पड़ सकता है। इसलिए माता-पिता को जागरूक रहकर बच्चों की मिठास भरी आदतों पर नियंत्रण रखना चाहिए।

यह भी पढ़ें:

बादाम पर नई रिसर्च का चौंकाने वाला खुलासा: रोजाना सेवन से दूर हो सकती हैं कई गंभीर बीमारियां