दिल्ली हवाई अड्डे पर मंगलवार को सुबह घने कोहरे के कारण 12 उड़ानों का मार्ग परिवर्तित करना पड़ा और कई उड़ानों में देरी हुई।
एक अधिकारी ने बताया कि घने कोहरे के कारण सुबह छह बजे से अपराह्न 12 बजे के बीच 11 उड़ानों को जयपुर जबकि एक को लखनऊ भेजा गया।
दिल्ली हवाई अड्डे की वेबसाइट पर उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, सुबह 30 से अधिक उड़ानों में देरी हुई है।
दिल्ली इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (डीआईएएल) ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में लगभग सुबह साढ़े सात बजे कोहरे की चेतावनी देते हुए कहा कि दिल्ली हवाई अड्डे पर आगमन और प्रस्थान जारी रहने के दौरान, सीएटी-3 के अनुरूप नहीं होने वाली उड़ानें प्रभावित हो सकती हैं।
सीएटी-3 दृश्यता काफी कम होने पर उड़ानों के संचालन से संबंधित है।
डीआईएएल ने कहा, ”यात्रियों से अनुरोध है कि वे उड़ान की अद्यतन जानकारी के लिए संबंधित एयरलाइन से संपर्क करें। किसी भी असुविधा के लिए खेद है।”
– एजेंसी
Business Sandesh Indian Newspaper | Articles | Opinion Pieces | Research Studies | Findings & News | Sandesh News