इंडिया ‘ए’ ने महिला स्नूकर विश्व कप के फाइनल में इंग्लैंड ‘ए’ को 4-3 से मात देकर यह खिताब जीत लिया है।
भारतीय महिलाओं ने सोमवार को खेले गये खिताबी मैच में इंग्लैंड ‘ए’ को 56-26, 67 (51)-27, 41-61, 27-52, 68 (34)-11, 55-64, 78-39 से मात दी।
भारत की ओर से खेलने उतरीं अमी कमानी और अनुपमा रमाचंद्रन के इस टूर्नामेंट से पहले विश्व रैंकिंग में नहीं थीं, लेकिन उन्होंने अपने कौशल का प्रदर्शन करते हुए 12 बार की विश्व चैंपियन रीएन इवान्स और मौजूदा विश्व नंबर चार रेबेका केना को फाइनल में मात दी।
कमानी ने खिताब जीतने के बाद विमेंस स्नूकर डॉट कॉम से कहा,“ यह आश्चर्यजनक लगता है क्योंकि मैंने 2011 में स्नूकर खेलना शुरू किया था और यह मेरा पहला विश्व खिताब है। यह जादू जैसा लगता है। मैंने जो भी मेहनत की है, आज उसका फल मिल गया है। यह सिर्फ शुरुआत है। मैं हर विश्व खिताब जीतना चाहती हूं। अभी के लिये मैं बहुत खुश क्योंकि मैंने अपने देश भारत को गौरवान्वित किया है। ”
अनुपमा ने कहा, “ मैं वास्तव में खुश हूं क्योंकि विश्व महिला स्नूकर के साथ यह मेरा पहला टूर्नामेंट है और पहले कुछ दिनों में मुझे टेबल से तालमेल बिठाने में वास्तव में मुश्किल हो रही थी। यह मेरे लिये बिल्कुल नये माहौल जैसा था लेकिन मैं चाहती थी टेबल पर मैं जो कर रही थी उसका आनंद लूं। मैंने जीतने या हारने के बारे में ज्यादा नहीं सोचा और शॉट दर शॉट मैच खेला, जिससे मुझे काफी मदद मिली। मेरे पास खुशी ज़ाहिर करने के लिये कोई शब्द नहीं हैं।”
– वार्ता
Business Sandesh Indian Newspaper | Articles | Opinion Pieces | Research Studies | Findings & News | Sandesh News