केएल राहुल की शतकीय पारी पर सुनील शेट्टी का सीना गर्व से चौड़ा, बोले – “मुझे तुम पर नाज़ है बेटा”

टीम इंडिया के स्टार बल्लेबाज़ और सुनील शेट्टी के दामाद केएल राहुल एक बार फिर चर्चा में हैं — इस बार अपनी धमाकेदार बल्लेबाज़ी के लिए। इंग्लैंड के खिलाफ लीड्स टेस्ट की दूसरी पारी में केएल राहुल ने शानदार 137 रनों की पारी खेलकर सबका दिल जीत लिया। उनकी इस पारी में 18 शानदार चौके शामिल थे, जो इस बात का सबूत हैं कि राहुल बेहतरीन फॉर्म में हैं।

राहुल ने 247 गेंदों का सामना करते हुए यह शतक जड़ा। पहली पारी में अच्छी शुरुआत के बावजूद बड़ी पारी में तब्दील न कर पाने का अफसोस उन्हें था, जिसे उन्होंने दूसरी पारी में पूरी तरह मिटा दिया। यशस्वी और शुभमन गिल के जल्दी आउट हो जाने के बाद राहुल ने पारी को संभाला और भारत को मजबूत स्थिति में पहुंचाया।

इस प्रदर्शन ने ना सिर्फ क्रिकेट प्रेमियों को बल्कि उनके ससुर और बॉलीवुड एक्टर सुनील शेट्टी को भी गर्व से भर दिया। सुनील शेट्टी ने सोशल मीडिया पर राहुल की तारीफ करते हुए लिखा, “मुझे तुम पर नाज है बेटा।”

राहुल की इस पारी की सराहना सिर्फ परिवार तक सीमित नहीं रही। भारत के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली ने इसे टीम के लिए बेहद अहम बताया। वहीं वसीम जाफर ने भी उनकी बल्लेबाज़ी की जमकर तारीफ की और उन्हें भविष्य का स्तंभ बताया। रोहित शर्मा और विराट कोहली जैसे सीनियर खिलाड़ियों के रिटायरमेंट के बाद राहुल को टेस्ट टीम की रीढ़ माना जा रहा है।

ये केएल राहुल के टेस्ट करियर का 9वां शतक था, और ख़ास बात यह रही कि उनके 9 में से 8 शतक विदेशी सरज़मीं पर बने हैं — जो उनकी क्लास और संयम को बख़ूबी दर्शाते हैं।

यह भी पढ़ें:

केला खाने के बाद भूलकर भी न खाएं ये चीजें, वरना हो सकती है सेहत को भारी नुकसान